दिल्ली: झगड़े ने लिया हिंसक रूप, जीजा-साले की मौत से सनसनी

उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला स्थित जखीरा इलाके में शुक्रवार को हुए एक झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें जीजा-साले की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को सिर में चाकू लगने के बाद एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सर्जरी कर चाकू निकाल दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में है।
इस घटना में मोहम्मद मंसूर उर्फ सन्नाटा (27) और उसके जीजा मोहम्मद इम्तियाज (25) की मौत हो गई। वहीं मंसूर का भाई समीर (18) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में सबीना और इमरान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में चाकूबाजी हुई। आरोप है कि हमले में सबीना और उसके पक्ष के एक युवक अरमान को भी चोटें आई हैं। वहीं, दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगा रहे हैं।
मृतक मंसूर मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला था और परिवार के साथ जखीरा इलाके में रहता था। उसके परिवार में माता-पिता, तीन भाई, पत्नी और बच्चे हैं। वहीं, इम्तियाज के परिवार में भी माता-पिता, भाई-बहन और पत्नी-बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मंसूर अपने भाइयों के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पड़ोसियों से विवाद हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि मंसूर और उसके साथियों ने चाकू लेकर घर में घुसने की कोशिश की और हमला किया, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि वे शांतिपूर्वक लौट रहे थे और उन पर अचानक हमला किया गया।
झगड़े के दौरान मंसूर, उसके भाई समीर और जीजा इम्तियाज पर चाकू से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इम्तियाज और बाद में मंसूर को मृत घोषित कर दिया गया।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। एक तरफ हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी तरफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सबीना और इमरान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.