दिल्ली में कांग्रेस की रैली टालने की मांग, व्यापारियों ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र

HIGHLIGHTS
- फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन ने अखिलेश यादव और ममता बनर्जी से भी संपर्क किया।
- व्यापारी संगठनों के मुताबिक, धनतेरस और दिवाली से पहले बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी।
- रैली के कारण त्योहारों के सामान की ढुलाई प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
नई दिल्ली। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने शुक्रवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की प्रस्तावित विशाल रैली को स्थगित करने की अपील की है। व्यापारी संगठन का कहना है कि रैली के चलते राजधानी के 20 प्रमुख बाजारों में करीब 10 हजार करोड़ से 12 हजार करोड़ रुपये तक का कारोबार प्रभावित हो सकता है।
अखिलेश यादव और ममता बनर्जी से भी रैली टालने की अपील
इसी बीच, फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन की खारी बावली किराना कमेटी ने भी आईएनडीआईए गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को पत्र भेजा है। संगठन ने दोनों नेताओं से रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली को दिवाली के बाद आयोजित करने की मांग की है।
त्योहारों के सीजन में कारोबार प्रभावित होने की आशंका
सीटीआई के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली ऐसे समय रखी गई है, जब बाजारों में दिवाली की खरीदारी अपने चरम पर होती है। संगठन ने कहा कि धनतेरस (6 नवंबर) और दिवाली (8 नवंबर) से ठीक पहले 1 नवंबर का दिन त्योहारों से जुड़े सामान की ढुलाई और ग्राहकों की आवाजाही के लिहाज से बेहद व्यस्त रहने वाला है।
व्यापारी संगठन को आशंका है कि इस दौरान रैली के आयोजन से दिल्ली के प्रमुख बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होंगी और कारोबार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
व्यापारियों ने नेताओं से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील की
वहीं, फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन ने अपने पत्र में नेताओं से इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। संगठन ने लिखा कि दिल्ली के लाखों व्यापारियों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों की ओर से यह अपील की जा रही है।
पत्र में कहा गया है कि गठबंधन के अनुभवी नेता होने के नाते वे राहुल गांधी को समझाएं कि राजनीतिक कार्यक्रम व्यापारियों के सबसे बड़े कारोबारी सीजन को प्रभावित करने की कीमत पर नहीं होने चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.