दिल्ली में ठंड के बीच बिजली की खपत का नया रिकॉर्ड, पीक डिमांड 6,087 मेगावाट

दिल्ली। राजधानी में ठंड के बढ़ते प्रकोप के बीच शुक्रवार को बिजली की मांग ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। बीएसईएस के अनुसार, इस दिन सुबह 10.39 बजे पीक पावर डिमांड 6,087 मेगावाट तक पहुंच गई, जो सर्दियों में अब तक का सबसे उच्च स्तर है। पिछली पांच साल की रिकॉर्डिंग के अनुसार, सर्दियों में सबसे अधिक मांग 5,655 मेगावाट रही थी। इस बार यह संख्या उससे भी अधिक रही।
क्षेत्रवार आंकड़ों के मुताबिक, बीआरपीएल क्षेत्र में 2,508 मेगावाट और बीवाईपीएल क्षेत्र में 1,209 मेगावाट की पीक डिमांड दर्ज की गई।
सर्दियों में बढ़ती बिजली की मांग
डिस्कॉम के आंकड़े बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में सर्दियों में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। पिछले साल सर्दियों में बीआरपीएल क्षेत्र में अधिकतम मांग 2,431 मेगावाट और बीवाईपीएल क्षेत्र में 1,105 मेगावाट रही थी। इस सर्दी में यह मांग और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
बीएसईएस ने बताया कि बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कंपनी ने रिन्यूएबल ऊर्जा जैसे सोलर, विंड, हाइड्रो और वेस्ट-टू-एनर्जी स्रोतों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है। इसके तहत, सर्दियों में दिल्ली की आधी से अधिक बिजली की जरूरत ग्रीन एनर्जी से पूरी की जा रही है।
साथ ही, बिजली की मांग का सही अनुमान लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। कम मांग के समय अतिरिक्त बिजली को अन्य राज्यों के साथ शेयर किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके।
बीएसईएस ने कहा कि कंपनी दिल्ली के 53 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को भरोसेमंद, साफ और पर्यावरण के अनुकूल बिजली प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.