दिल्ली: पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के गिरोह का किया पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार

दिल्ली: पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के गिरोह का किया पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक बड़े गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोप है कि गिरोह ने एक युवक को झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने की धमकी देकर 40 लाख रुपये की वसूली करने की कोशिश की। इस कार्रवाई में गिरोह की सरगना समेत चार महिलाओं और पांच पुरुषों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें दो वकील भी शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं पूर्वी जोन) प्रबीना पी. ने बताया कि कुंडली थाना क्षेत्र के एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दोस्ती नरेला निवासी शिवानी से हुई थी, जो उनके साथ एक कंपनी में काम करती थी। दोनों के बीच आपसी सहमति से संबंध बने, लेकिन बाद में युवक ने दूरी बना ली और उसकी शादी तय हो गई।
शिकायत में कहा गया कि शिवानी ने दबाव बनाने के लिए नरेला थाना में युवक के खिलाफ झूठी दुष्कर्म शिकायत दर्ज करवा दी और समझौते के नाम पर हर महीने पैसों की मांग शुरू कर दी। पहले ही दो लाख रुपये उसने अपने साथी अभिषेक के खाते में ट्रांसफर करवा लिए थे। इसके बाद शिवानी ने अपने परिजनों और दोस्तों के साथ मिलकर युवक को धमकाकर 40 लाख रुपये वसूलने की साजिश रची।
पुलिस ने चार अक्टूबर को मुरथल में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय समय पर शिवानी अपने परिवार और साथियों के साथ दो गाड़ियों में 40 लाख रुपये लेने पहुंची। पैसे लेते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया और रकम बरामद कर ली। हालांकि आरोपी अभिषेक मौके से एक गाड़ी लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में यतेंद्र और आशीष रोहिणी अदालत में अधिवक्ता हैं। बाकी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.