दिल्ली में विद्या वाहिनी योजना की शुरुआत, CM रेखा गुप्ता ने 3 हजार से ज्यादा छात्राओं को बांटी साइकिलें

HIGHLIGHTS
- सीएम रेखा गुप्ता ने विद्या वाहिनी योजना के तहत छात्राओं को निशुल्क साइकिलें बांटीं।
- एक महीने में दिल्ली में 1.40 लाख साइकिलें वितरित करने की योजना है।
- सरकार ने स्कूलों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और शिक्षा सुधार पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीएमश्री स्कूल में विद्या वाहिनी योजना के तहत निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान तीन हजार से अधिक बच्चियों को साइकिलें वितरित की गईं। वहीं, एक महीने के भीतर कुल 1.40 लाख साइकिलें बांटने की योजना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बच्चियों से पूछा कि क्या वे साइकिल मिलने से खुश हैं, जिस पर छात्राओं ने ‘यस मैम’ कहकर जवाब दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, स्थानीय विधायक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बच्चियों ने निशुल्क साइकिल देने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद का धन्यवाद किया।
मुझे पीएम मोदी ने भेजा है आपके लिए: सीएम रेखा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि साइकिलें बेटियों के लिए उनके पंख की तरह हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बेटियों की जरूरतों को समझने और उन्हें पूरा करने के लिए भेजा है। मुख्यमंत्री ने बच्चियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी सीएम मौसी आपकी परेशानियां कम करने का प्रयास कर रही हैं।
पुराने स्कूलों की बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धीरे-धीरे पुराने स्कूलों का कायाकल्प करेगी। स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर लैब, लैंग्वेज लैब और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री बनीं तो पिछली सरकार के स्कूलों में शौचालय ब्लॉक तक नहीं थे। उन्होंने शिक्षा मंत्री आशीष सूद को बुलाकर पिछली सरकार के दावों की स्थिति दिखाई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नए स्कूल, बेहतर सीएम श्री स्कूल और अधिक पुरस्कारों पर काम किया जाएगा। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स की मीरा बाई चानू का उदाहरण देकर बच्चियों का उत्साह बढ़ाया।
नौवीं कक्षा की छात्राओं को हर साल मिलेंगी साइकिलें
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बेटियां राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री तक बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद भी सरकारी स्कूल से पढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर साल नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली सभी बच्चियों को विद्या वाहिनी योजना के तहत साइकिलें उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है।
शिक्षा से राष्ट्रनिर्माण करने आए हैं: आशीष सूद
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि वे विज्ञापन की राजनीति नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण करने आए हैं। उन्होंने बताया कि साइकिल वितरण के बाद अब लैपटॉप देने की तैयारी भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये भी दिए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि वह बेटियों और महिलाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए काम कर रही हैं।
विद्या वाहिनी योजना से बेटियों को मिलेगा लाभ
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने विद्या वाहिनी योजना को बेटियों के भविष्य, सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने वाली योजना बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री चुना है और वह हर कदम पर खरी उतर रही हैं। उन्होंने रेखा सरकार की अन्य उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सरकार दिल्ली के लोगों को 10 लाख रुपये तक के आयुष्मान कार्ड, अटल कैंटीन और प्राइमरी हेल्थ सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि साल में दो मुफ्त सिलिंडर देने और कूड़े के पहाड़ों को आधे से ज्यादा खत्म करने का काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि अब निशुल्क साइकिल वितरण और महिलाओं को 2500 रुपये देने जैसी योजनाएं भी शुरू की जा रही हैं। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रेखा सरकार पिछली सरकार की तरह झूठा महिमामंडन नहीं कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.