डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 9 नवंबर से होगा 'अयोध्या प्रीमियर लीग’ का आगाज़

अयोध्या को योगी सरकार ने एक नई सौगात दी है। श्रीराम की नगरी में भव्य डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब इसी मैदान पर 9 नवंबर से 26 नवंबर तक ‘अयोध्या प्रीमियर लीग (APL)’ का आयोजन किया जाएगा।
यह पहली बार है जब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की देखरेख में जिला क्रिकेट संघ, अयोध्या की ओर से इस स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। टी-20 प्रारूप पर आधारित इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके नाम प्रदेश की प्रमुख नदियों — सरयू, गंगा, यमुना, बेतवा, हिंडन, चंबल, गोमती और मनोरमा — पर रखे गए हैं। ये नाम राज्य की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हैं।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव मोहम्मद उमेर अहमद ने बताया कि टीमों का चयन UPCA के अनुभवी चयनकर्ताओं की देखरेख में ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी होंगे, जिनमें 11 अयोध्या मंडल से और 5 खिलाड़ी प्रदेश के अन्य जिलों से शामिल किए जाएंगे। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
प्रतियोगिता में कुल 29 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच कलर ड्रेस और सफेद गेंद से खेले जाएंगे। सभी अधिकारी और अंपायर UPCA की ओर से नियुक्त किए जाएंगे। आयोजन की जिम्मेदारी जय सियाराम ग्रुप ऑफ कंपनीज़ और वेलफेयर सोसाइटी के पास होगी।
अयोध्या प्रीमियर लीग के ब्रांड एंबेसडर पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पांडेय होंगे। विजेता टीम को 11 लाख रुपये, जबकि उपविजेता को 5.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
यह आयोजन न केवल अयोध्या मंडल में खेल संस्कृति और क्रिकेट प्रतिभा को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.