एनकाउंटर: एक-एक कर नाबालिग पर निकाली हवस; दो गिरफ्तार व तीन फरार

राजधानी लखनऊ में शनिवार दोपहर 17 साल की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पैर में गोली लगने से वह घायल है। अब तक दो आरोपी पकड़े गए हैं। वारदात के कुछ घंटे बाद ही दोनों को पकड़ लिया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
घटना बंथरा थाना क्षेत्र के हरौनी इलाके की है। यहां 17 साल की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। आरोप है कि पांच युवकों ने किशोरी के साथ बाग में मौजूद दोस्त को पीटकर भगा दिया। इसके बाद सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी के पिता ने पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
एक-दूसरे को नाम से बुला रहे थे आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी आपस में एक-दूसरे का नाम विशाल, छोटू, बाबू और ललित ले रहे थे। जबकि, एक का नाम वह नहीं बता सकी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो की धारा में केस दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की।
गोली लगने से ललित घायल
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया। इसके बाद देर रात एक आरोपी ललित कश्यप को हरौनी रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक बाइक और एक तमंचा बरामद हुआ है। मौके से नामजद आरोपी छोटू भाग निकला। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ललित से मुठभेड़ के कुछ ही देर बाद वारदात में शामिल एक और आरोपी हरौनी निवासी मेराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मेराज का नाम किशोरी को नहीं पता था। उसके बारे में जानकारी पुलिस को मुठभेड़ में घायल ललित से मिली। डीसीपी ने बताया कि ललित के खिलाफ पहले से चोरी और जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज हैं। वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
हाथ जोड़ा...मिन्नत की, फिर भी नहीं पसीजे आरोपी
पीड़िता ने परिजनों को बताया कि चारों आरोपियों ने उसको घेर रखा था। उसने हाथ जोड़े, मिन्नत की पर दरिंदों ने उसकी एक भी नहीं सुनी। हिम्मत जुटाकर उसने विरोध भी किया, लेकिन उन्होंने उसे जमकर पीटा।
बाद में पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना के बाद से किशोरी व उसके परिजन सहमे हुए हैं। उन लोगों ने किसी से बात करने से मना कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़िता 11वीं की छात्रा है। जबकि, पुलिस का दावा है कि किशोरी ने पढ़ाई छोड़ दी है।
दोस्त के साथ बात करते हुए बाग में चली गई
किशोरी के पिता के मुताबिक, उनकी बड़ी बेटी की डिलीवरी हुई है। छोटी बेटी कुछ दिनों से उसके घर रह रही है। शनिवार दोपहर 12 बजे किशोरी हरौनी बाजार गई थी। वहां उसका एक दोस्त मिल गया। बातचीत करते हुए दोनों पास में ही एक बाग में चले गए।
आरोप है कि इस बीच चार युवक वहां पहुंचे और किशोरी के दोस्त को पीटकर वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी किसी तरह बदहवास हालत में बहन के घर पहुंची। सारी घटना बहन व बहनोई को बताई। वे लोग उसे लेकर हरौनी चौकी पहुंचे। मौके पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.