यूपी में सबसे ठंडा शहर रहा इटावा, न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

उत्तर प्रदेश में मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। शुक्रवार से प्रदेश में हवा का रुख बदलने वाला है और पछुआ हवाओं के प्रभाव से पारा धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनका असर अगले तीन दिनों में महसूस होगा।
इस बदलाव के चलते प्रदेश में कहीं दक्षिण-पश्चिमी तो कहीं पुरवाई मिश्रित हवाएं चलेंगी। आंशिक रूप से बादलों की गतिविधि भी देखने को मिलेगी और दिन व रात के तापमान में लगभग 2 डिग्री की वृद्धि होगी। इसके साथ ही तीन दिन तक घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को सुबह आगरा, बरेली, वाराणसी, लखनऊ, अमेठी, कानपुर और प्रयागराज में हल्का कोहरा देखा गया। इटावा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री, बाराबंकी में 8 डिग्री और कानपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हवा की दिशा बदल रही है और बादलों के रहते तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। उनका कहना है कि अगले 2–3 दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.