विदेश भेजने के नाम पर ठगी बर्दाश्त नहीं, पीड़ितों को वापस मिलेगी पूरी रकम: सीएम योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएं और पीड़ितों से वसूली गई पूरी राशि भी वापस कराई जाए।
शनिवार सुबह कड़ाके की ठंड के बीच गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 250 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि हर शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान कराया जाएगा, किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
जनता दर्शन में एक महिला ने अपने परिजन को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा की गई ठगी की जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ित को उसका पैसा दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने लोगों को आगाह किया कि विदेश जाने के नाम पर फर्जी एजेंटों के झांसे में न आएं, क्योंकि अवैध तरीकों से जाने पर गंभीर कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पीड़ितों की मदद में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी। उन्होंने प्रशासन और पुलिस को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जमीन कब्जाने से जुड़ी शिकायतों पर भी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों से जल्द से जल्द इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की, उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रोत्साहित किया और चॉकलेट भी भेंट की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.