गुरुग्राम: स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तान नेशनल आर्मी ने भेजा ईमेल

गुरुग्राम। बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए। इन ईमेल में खुद को “खालिस्तान नेशनल आर्मी” से जुड़ा बताने वाले संगठन की ओर से धमकी दी गई है। मेल में 29 अप्रैल को “40वां खालिस्तान डिक्लेरेशन डे” घोषित करने का दावा करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी चेतावनी दी गई है।
धमकी भरे संदेश में गुरुग्राम के लगभग छह निजी स्कूलों के साथ-साथ दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में दावा किया गया कि स्कूल परिसरों और लाल किले के पास खड़ी एक कार में विस्फोटक लगाए गए हैं।
सुबह करीब 8:30 बजे यह ईमेल मिलने के बाद गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी संबंधित स्कूलों में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों को भेजकर गहन तलाशी अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर कई स्कूलों में बच्चों को समय से पहले छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। जांच के दौरान किसी भी स्कूल परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें एचडीएफसी स्कूल, सनसिटी स्कूल और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल सहित कई अन्य संस्थान शामिल हैं।
ईमेल में सिर्फ स्कूलों ही नहीं, बल्कि अंबाला कैंट जंक्शन, रेवाड़ी रेलवे जंक्शन और दिल्ली के कुछ रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसके बाद रेलवे पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
धमकी भरे संदेश में यह भी कहा गया है कि लोग अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए उस दिन ट्रेन यात्रा से बचें।
गौरतलब है कि गुरुग्राम में इससे पहले भी कई बार इस तरह की धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। जनवरी 2026 से अब तक ऐसे तीन मामले सामने आ चुके हैं। पिछले मामले में पुलिस ने गुजरात से एक आरोपी सौरभ विश्वास उर्फ माइकल को गिरफ्तार किया था, जिसका संबंध बांग्लादेशी नेटवर्क से बताया गया था।
पुलिस के अनुसार, ईमेल के आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेसिंग की जांच की जा रही है ताकि असली भेजने वाले तक पहुंचा जा सके। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.