हरियाणा कांग्रेस ने निकाय चुनाव 2026 का घोषणापत्र किया जारी

चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इस बार शहरों के विकास और स्थानीय समस्याओं को केंद्र में रखते हुए कई बड़े वादे किए हैं और दावा किया है कि सत्ता में आने पर शहरी ढांचे की पूरी तस्वीर बदल दी जाएगी।
घोषणापत्र जारी करते हुए कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर पिछले 11 वर्षों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि नगर निकायों में कथित भ्रष्ट व्यवस्था को खत्म कर कांग्रेस पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित करेगी।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जारी हुआ घोषणापत्र
चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, घोषणा पत्र समिति की संयोजक गीता भुक्कल, विधायक आफताब अहमद और बीबी बत्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान तीन पन्नों के घोषणापत्र में कुल 54 वादे शामिल किए गए।
राव नरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर पंचकूला का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने ही पूर्व मेयर को चुनाव में इसलिए नहीं उतारा क्योंकि वह कथित भ्रष्टाचार मामलों में घिरे हुए हैं।
शहरों को ‘ग्रीन और क्लीन’ बनाने का दावा
कांग्रेस ने वादा किया है कि सत्ता में आने पर शहरों को “ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी” के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत पार्कों और ग्रीन बेल्ट का सौंदर्यीकरण, प्रमुख चौक-चौराहों का विकास और सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने की योजना शामिल है।
पार्टी ने यह भी कहा कि नगर निगमों और परिषदों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा तथा बाजारों, बस अड्डों, पार्कों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सफाई और जल निकासी पर फोकस
घोषणापत्र में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को बेहतर बनाने, डंपिंग ग्राउंड की समस्या का स्थायी समाधान करने और रिहायशी इलाकों से दूर कचरा प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की बात कही गई है।
इसके अलावा सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने और उनकी मांगों को प्राथमिकता देने का भी वादा किया गया है।
जलभराव और सीवरेज समस्या के समाधान के लिए पुराने नालों की सफाई, पाइपलाइन सिस्टम के नवीनीकरण और हर कॉलोनी में बेहतर पेयजल, सीवरेज व ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना भी शामिल है।
सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे पर वादे
कांग्रेस ने कहा है कि टूटी सड़कों की मरम्मत के साथ नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा और कच्ची गलियों को चरणबद्ध तरीके से पक्का किया जाएगा। शहरों में जगह-जगह स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर कूलर और आरओ सिस्टम लगाने का भी प्रस्ताव है।
अन्य प्रमुख वादे
घोषणापत्र में कई सामाजिक और नागरिक सुविधाओं से जुड़े वादे भी किए गए हैं, जिनमें शामिल हैं—
- सार्वजनिक और महिला शौचालयों की संख्या बढ़ाना
- बुजुर्गों के लिए हेल्थ कैंप और सुविधा केंद्र
- मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण
- बंदरों के आतंक से राहत और बेसहारा गोवंश के लिए गोशालाएं
- हर वार्ड में वाई-फाई युक्त लाइब्रेरी
- अनियमित कॉलोनियों को सरल नीति से नियमित करना
- स्ट्रीट वेंडिंग जोन का विकास
- गांवों में सीसीटीवी कैमरे और सामुदायिक केंद्रों का विस्तार
- सरकारी सेवाओं के लिए सेवा केंद्र और बारात घरों की सुविधा
कांग्रेस का दावा है कि यह घोषणापत्र स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पर आधारित है और सत्ता में आने पर तय समयसीमा में इन सभी वादों को लागू किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.