हरियाणा: सैनी सरकार का एक साल, पंचकूला में मुख्य समारोह और कई योजनाओं की घोषणाएं

चंडीगढ़। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार 17 अक्टूबर को अपने एक साल पूरे कर लेगी। इस अवसर पर प्रदेश भर में जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार इसे “जन विश्वास, जन विकास” समारोह के रूप में मनाएगी और इसके लिए अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्य कार्यक्रम पंचकूला में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली मुख्य अतिथि रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण के तहत लाभार्थियों को अलॉटमेंट लेटर वितरित करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में अन्य योजनाओं की जानकारी भी जनता को दी जाएगी और संभावित तौर पर नई जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणाएं भी की जा सकती हैं।
हर जिले में मंत्री करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, अंबाला में कैबिनेट मंत्री अनिल विज, भिवानी में मंत्री श्रुति चौधरी और चरखी दादरी में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा फतेहाबाद में सांसद सुभाष बराला, गुरुग्राम में मंत्री राव नरबीर सिंह, हिसार में मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, झज्जर में राज्य मंत्री राजेश नागर, जींद में विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण मिड्ढा, कैथल में राज्यमंत्री गौरव गौतम, करनाल में विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और कुरुक्षेत्र में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मेवात में मंत्री विपुल गोयल और रोहतक में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, महेंद्रगढ़ में सांसद धर्मबीर सिंह, पलवल में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सोनीपत में मंत्री महिपाल ढांढा, पानीपत में मंत्री कृष्ण लाल पंवार, रेवाड़ी में मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, सिरसा में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और यमुनानगर में मंत्री श्याम सिंह राणा समारोह में उपस्थित रहेंगे।
सरकार जनता को करेगी उपलब्धियों से अवगत
हरियाणा सरकार का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को पिछले एक साल में हुई विकासात्मक गतिविधियों और योजनाओं के परिणामों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, आगामी योजनाओं और विकास परियोजनाओं की दिशा तय की जाएगी। सरकार ने पिछले वर्ष कई नई योजनाओं को लागू किया है, जिनका विस्तृत ब्यौरा जनता के सामने रखा जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.