देहरादून में गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी, 36 डिग्री पहुंचा तापमान; आज से फिर बारिश के आसार

HIGHLIGHTS
- देहरादून में 24 घंटे के भीतर तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई
- मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया
- करीब 25 दिनों में पहली बार प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई
देहरादून। करीब 25 दिनों बाद उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बुधवार को दिनभर मौसम शुष्क रहा। तेज धूप के बीच मैदानी क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों को परेशान किया। देहरादून में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो वर्ष 2022 के बाद अगस्त में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मैदानी क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक अधिक रहा। हालांकि, गुरुवार से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।
बुधवार सुबह से ही देहरादून में तेज धूप रही। इसके चलते दिनभर गर्मी से लोग बेहाल रहे। अधिकांश मैदानी इलाकों में तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून में 24 घंटे के भीतर तापमान में सात डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। पिछले 10 वर्षों में यह दूसरी बार है जब अगस्त में देहरादून का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है।
करीब 25 दिनों में यह पहला अवसर रहा, जब प्रदेश में किसी भी स्थान पर बारिश दर्ज नहीं हुई। हालांकि, मौसम विभाग ने इस शुष्क मौसम के बाद अब दोबारा बारिश तेज होने का पूर्वानुमान जारी किया है। गुरुवार से प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरिद्वार में भी कुछ जगहों पर बारिश होने के आसार हैं। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.