हिमाचल: पंचायत चुनाव से पहले दो बैलेट पेपर गायब, मचा हड़कंप

हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच विकास खंड कुनिहार से एक गंभीर प्रशासनिक चूक का मामला सामने आया है। बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान दो मतपत्र गायब पाए जाने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, विकास खंड कुनिहार में पंचायत चुनाव के लिए बैलेट पेपर तैयार करने और रिकॉर्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी प्रक्रिया के दौरान पंचायत खनलग के वार्ड-4 से संबंधित दो बैलेट पेपर गायब पाए गए।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत के लिए बैलेट पेपर क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक जारी किए गए थे, लेकिन जांच के दौरान क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र रिकॉर्ड में नहीं मिले।
आठ कर्मचारियों पर कार्रवाई
मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने बैलेट पेपर लेखन कार्य में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से चुनाव ड्यूटी से हटा दिया है। इनमें सहायक रिटर्निंग अधिकारी (ARO) भी शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, जांच के बाद यह गड़बड़ी सामने आई, जिसके तुरंत बाद उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई और एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।
साथ ही संबंधित कर्मचारियों के चुनाव ड्यूटी आदेश रद्द कर दिए गए हैं और उन्हें उनके मूल विभागों में वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पंचायत खनलग के लिए नया एआरओ भी नियुक्त कर दिया गया है।
प्रशासन का बयान
खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी तन्मय कंवर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और बैलेट पेपर का गायब होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस जांच जारी
इस मामले पर डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि थाना कुनिहार में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.