E-20 पेट्रोल पर केजरीवाल का हल्लाबोल, कल PM आवास तक पैदल मार्च करेंगे

HIGHLIGHTS
- आप मुख्यालय से दोपहर 12 बजे करीब 100 लोगों के साथ मार्च शुरू करने की योजना है।
- केजरीवाल ने ई-20 को लेकर वाहन माइलेज और खराबी जैसी समस्याओं का दावा किया है।
- ऑनलाइन अभियान के तहत 2,33,238 लोगों के हस्ताक्षर जुटाने का दावा किया गया है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार दोपहर अपने समर्थकों के साथ पीएम आवास तक पैदल मार्च करेंगे। केजरीवाल पार्टी मुख्यालय से दोपहर 12 बजे करीब 100 लोगों के साथ निकलेंगे और ई-20 पेट्रोल के विरोध में 2.33 लाख लोगों के हस्ताक्षर वाली याचिका प्रधानमंत्री को सौंपने की कोशिश करेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक मार्च की अनुमति नहीं मिली है।
ई-20 को लेकर जनता परेशान: केजरीवाल
दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शनों के बाद अब आम आदमी पार्टी ने पीएम आवास तक पैदल मार्च करने का ऐलान किया है। सोमवार को आप मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि ई-20 पेट्रोल को लेकर देश की जनता परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ई-20 के इस्तेमाल से वाहनों की माइलेज कम हो रही है और गाड़ियों में खराबी आ रही है। केजरीवाल ने कहा कि सरकार बिना उचित तर्क दिए इसे जबरन लागू कर रही है।
टाउनहॉल में मिला जनता का समर्थन
केजरीवाल ने बताया कि शनिवार को ई-20 के विरोध में आयोजित टाउनहॉल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम के दौरान हॉल के अंदर और बाहर भारी भीड़ मौजूद थी, जबकि करीब 7 लाख लोगों ने इसे ऑनलाइन देखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब कोई इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर या प्रभावित व्यक्ति इस मुद्दे पर आवाज उठाता है तो उसे ट्रोल किया जाता है और एफआईआर दर्ज कर दबाव बनाया जाता है।
पीएम के नाम ऑनलाइन याचिका शुरू की गई
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री के नाम एक ऑनलाइन याचिका अभियान शुरू किया गया था। उनके अनुसार, इस अभियान के तहत कुछ ही दिनों में 2,33,238 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
उन्होंने कहा कि करीब एक महीने पहले प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा गया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला। मंगलवार को वह खुद और पार्टी कार्यकर्ता पीएम आवास पहुंचकर यह शिकायत सौंपने जा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.