केशव मौर्य का राहुल पर हमला, बोले- गांधी परिवार में पैदा न होते तो पार्षद भी नहीं बनते

HIGHLIGHTS
- केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी को लेकर प्रयागराज में तीखी टिप्पणी की।
- उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बोलते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
- उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश एंड टीम पर संसद का समय बर्बाद करने का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी गांधी परिवार में पैदा नहीं हुए होते तो प्रयागराज के लोग उन्हें अपना पार्षद तक नहीं चुनते। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी देश में नेता प्रतिपक्ष हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी को यह ध्यान नहीं रहता कि उन्हें क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं बोलना चाहिए। उनके मुताबिक, राहुल गांधी भाषा की मर्यादा का भी ख्याल नहीं रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने घमंड और अहंकार के कारण राहुल गांधी ने संसद का समय बर्बाद किया।
उन्होंने कहा कि कई नए सांसद चुनकर संसद पहुंचे हैं और उन्हें सवाल पूछने का मौका मिलता है, लेकिन राहुल गांधी और अखिलेश एंड टीम ने नए सांसदों का अधिकार भी छीन लिया और भाषा की मर्यादा भी तोड़ी। केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी को भारत के इतिहास का अब तक का सबसे गैर जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष बताया।
विभाजन विभीषिका दिवस पर बोले केशव प्रसाद मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित विभाजन विभीषिका दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने देश के विभाजन की त्रासदी को याद किया और कहा कि विभाजन के दौरान लाखों लोगों को विस्थापन और हिंसा का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा और उसके कारणों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों की नीतियों और तुष्टीकरण की राजनीति ने देश को नुकसान पहुंचाया।
'महान क्रांतिकारियों ने देश के विभाजन के लिए बलिदान नहीं दिया'
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महान क्रांतिकारियों ने इसलिए बलिदान नहीं दिया था कि देश का विभाजन हो। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन का दर्द वही समझ सकता है, जिसने उस समय की पीड़ा देखी है।
उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नों में दर्ज है कि लाखों लोगों का कत्लेआम हुआ। लोगों को अपना घर, व्यापार, खेती और अपना सब कुछ छोड़कर देश से जाना पड़ा।
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा इतना घटिया स्तर अपनाती है कि जब वह सरकार में थी, तब आतंकवादियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2047 तक सत्ता में आने वाली नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.