खटीमा हत्याकांड: पुलिस एनकाउंटर में हत्यारोपी हाशिम गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

ऊधम सिंह नगर। तुषार शर्मा हत्या मामले में शनिवार देर रात पुलिस ने एक मुख्य आरोपी हाशिम को पकड़ लिया। एनकाउंटर के दौरान हाशिम के पैर में गोली लगी। वह झनकट क्षेत्र में छिपा हुआ था और पुलिस की घेराबंदी के दौरान रात एक बजे झनकट ईंट भट्ठे के पास पुलिस पर फायरिंग कर बैठा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हाशिम घायल हो गया। सीओ खटीमा विमल रावत ने बताया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे हुई। खटीमा स्थित आश्रम पद्धति स्कूल के पीछे तुषार शर्मा (24) बस स्टॉप के पास वाल्मीकि बस्ती निवासी अभय और पकड़िया निवासी सलमान के साथ खड़ा था। इसी दौरान गोटिया और इस्लाम नगर से आए कुछ युवकों से उनकी बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया और आरोपियों ने तीनों पर चाकुओं से हमला कर दिया। घायलों को तत्काल खटीमा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुषार को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया।
शनिवार सुबह तुषार की हत्या की खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के आक्रोशित कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोगों ने घटनास्थल के पास चाय की दुकान को आग के हवाले कर दिया। आसपास की दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई। सूचना पर सीओ विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह, एसएसआई ललित रावल, बाजार चौकी प्रभारी जीवन चुफाल और अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और पूरे क्षेत्र में सघन निगरानी जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.