लखनऊ में अचानक हुआ दिन में अंधेरा, फिर बरसने लगे बादल, चली धूलभरी आंधी

उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक बड़ा बदलाव लिया, जिससे कई जिलों में दिन में ही अंधेरा छा गया। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों को इस बदलाव के चलते काफी राहत मिली।
सुबह तक जहां तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था, वहीं दोपहर के बाद आसमान में काले बादल छा गए। कई इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं चलीं और इसके बाद बारिश की फुहारें शुरू हो गईं। मौसम बदलते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर चल रहे लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और बूंदाबांदी की स्थिति बनी हुई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले करीब दस दिनों तक प्रदेश में मौसम इसी तरह बदलाव के साथ बना रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
विभाग ने प्रदेश के 58 जिलों में गरज-चमक, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 32 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। गौरतलब है कि मंगलवार को बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे यह शहर देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा।
इधर, अमेठी जिले में मौसम ने और भी अलग रूप दिखाया। जहां पिछले कई दिनों से 40 से 43 डिग्री सेल्सियस की गर्मी और उमस से लोग परेशान थे, वहीं बुधवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ बादल छा गए और कुछ ही देर में हल्की बारिश शुरू हो गई।
इसके बाद करीब 15 मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई, जिससे कई जगहों पर सफेद परत जम गई। अचानक हुए इस बदलाव से लोग जहां थे वहीं रुकने को मजबूर हो गए। ओलावृष्टि और बारिश का असर जिले में चल रहे 400 से अधिक विवाह और अन्य आयोजनों पर भी पड़ा, जिससे कई टेंट और सजावट को नुकसान पहुंचने की खबर है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.