आंध्र प्रदेश में सड़क निर्माण स्थल पर भीषण हादसा, आग और धमाके में 5 मजदूरों की मौत

HIGHLIGHTS
- घटनास्थल मुख्य इलाके से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है।
- पुलिस के मुताबिक, दूरदराज का क्षेत्र होने के कारण कर्मचारी ड्रमों में डीजल लाकर वाहनों में भरते हैं।
- शुरुआती आशंका है कि डंपर की टंकी में ईंधन भरते समय किसी चिंगारी से आग लगी।
आंध्र प्रदेश। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में शनिवार को सड़क निर्माण स्थल पर आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग डंपर ट्रक में ईंधन भरने के दौरान लगी हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि घटना अनंतगिरी मंडल के पिनाकोटा गांव में हुई। यह स्थान मुख्य इलाके से करीब 100 किलोमीटर दूर है। ऐसे में यहां काम करने वाले लोग वाहनों में ईंधन भरने के लिए अक्सर ड्रमों में डीजल लेकर आते हैं।
'कोई धमाका नहीं हुआ'
अमित बरदार ने बताया कि ट्रक की टंकी में ईंधन भरते समय कर्मचारियों से पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई होगी और किसी चिंगारी के कारण आग लग गई होगी। उन्होंने कहा, "यह कोई धमाका नहीं था। मैं इसे एक आकस्मिक आग कहूंगा। अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो पाई है।"
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है, जबकि मामले की जांच के लिए एक अन्य टीम के भी जल्द वहां पहुंचने की उम्मीद है। यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई।
आग में वाहन जलकर खाक, शवों के अंग बिखरे
आग की शुरुआत एक पिकअप ट्रक से हुई और फिर पास में खड़े डंपर ट्रक तथा एक दोपहिया वाहन तक फैल गई। आग की चपेट में आए तीनों वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
हालांकि, पीटीआई वीडियो के मुताबिक, आग लगने के बाद एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पीड़ितों के शरीर के अंग घटनास्थल के आसपास बिखर गए।
एक शव वाहन के अंदर मिला, जबकि दो अन्य शव पास में बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि पिकअप ट्रक सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार का था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.