मंडी: महिला बौद्ध भिक्षु की हत्या का मामला, एसआईटी ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के रिवालसर के सरकीधार क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व हुई महिला बौद्ध भिक्षु की निर्मम हत्या में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने देर रात इस हत्या में शामिल तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब मामले में संलिप्त दो अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि पकड़े गए आरोपितों में से अधिकांश नशे के आदी हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हत्या का मकसद नशे की आपूर्ति या लूटपाट हो सकता है।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और स्थानीय खुफिया जानकारी से खुला मामला
पुलिस पिछले एक महीने से इस केस की गहन जांच में जुटी थी। लगातार कड़ियों को जोड़ने और वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से एसआईटी आरोपितों तक पहुँचने में सफल रही।
4 मार्च को मिला था क्षत-विक्षत शव
78 वर्षीय महिला बौद्ध भिक्षु, ओरजे शोकी, जो सरकीधार स्थित नैना देवी जंगल के पास अकेले रहती थीं, का शव 4 मार्च को उनके कमरे से बरामद हुआ था। हत्या इतनी बेरहमी से की गई थी कि शरीर पर तेजधार हथियार के कई गहरे घाव और कट के निशान मिले। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा।
SIT की सक्रियता से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने स्वयं मौके का मुआयना किया और मामले की गहन जांच के लिए SIT का गठन किया। पुलिस अधीक्षक ने पुष्टि की है कि तीन आरोपितों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। शेष दो आरोपितों को भी जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतका के पति की तीन वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद वह अकेले रहकर धार्मिक कार्यों और ध्यान में लीन रहती थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.