इंडोनेशिया में समुद्र के बीच फेरी में लगी भीषण आग, 5 की मौत और 41 लोग लापता

HIGHLIGHTS
- सुराबाया से मकासर जा रही फेरी में यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद आग लगी।
- हादसे के बाद कई जहाजों की मदद से समुद्र में बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया।
- सोशल मीडिया वीडियो में फेरी से उठता काला धुआं और यात्रियों के बचाव प्रयास दिखाई दिए।
जकार्ता। इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के नजदीक समुद्र में एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। हादसे में अब तक कम से कम 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।
यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर की ओर जा रही थी। यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही इसमें आग लग गई।
इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी ने रविवार को जारी बयान में बताया कि मदुरा द्वीप के पास फेरी में आग लगने से पांच लोगों की मौत हुई है और 41 लोग अब भी लापता हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के समय फेरी में करीब 250 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे। आग लगने के बाद कई जहाजों की मदद से बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
225 यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया
सर्च और रेस्क्यू एजेंसी के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार दोपहर फेरी में कुल 271 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। आग लगने के बाद चलाए गए बचाव अभियान में 225 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चला
फिलहाल फेरी में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह घटना रविवार सुबह हुई। जिस क्षेत्र में हादसा हुआ, वह मदुरा द्वीप के पास स्थित है, जो जावा के उत्तर-पूर्वी तट पर मौजूद है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फेरी के ऊपरी डेक से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। वीडियो में आग पूरे जहाज में फैलती नजर आ रही है। कई यात्री लाइफ जैकेट पहनकर जहाज के एक हिस्से में खड़े दिखाई दिए, जबकि कुछ लोगों के पानी में कूदने के दृश्य भी सामने आए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.