दिल्ली: रोहिणी की झुग्गियों में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

नई दिल्ली। राजधानी के रोहिणी क्षेत्र में बुधवार तड़के झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी लगभग दो साल की बेटी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
रात डेढ़ बजे लगी आग, कई घंटे चला राहत कार्य
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने की सूचना करीब 1:25 बजे बुद्ध विहार इलाके से मिली। सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक परिवार के तीनों सदस्यों की जान जा चुकी थी।
संकरी गलियों के कारण बढ़ी मुश्किलें
अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह आग लगी, वह लगभग 400 वर्ग गज का प्लॉट है जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ जमा था और उसके आसपास कई झुग्गियां बनी हुई थीं। इलाके की संकरी गलियों के कारण दमकल की बड़ी गाड़ियां घटनास्थल तक सीधे नहीं पहुंच सकीं, जिससे बचाव कार्य में काफी बाधा आई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
दमकल विभाग ने तीनों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर स्थानीय पुलिस, बिजली विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां भी पहुंचीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
दमकल अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि झुग्गियों के बीच जमा प्लास्टिक और कबाड़ में आग लगने से यह हादसा हुआ। हालांकि अब आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।
राजघाट के पास भी हाल ही में लगी थी आग
गौरतलब है कि 12 अप्रैल को राजघाट बस डिपो के पास झाड़ियों में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार से पांच किलोमीटर क्षेत्र में फैली आग को काबू में किया गया।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, गहरी खाई और घने झाड़ियों वाले इलाके के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई आई थी। फिलहाल उस क्षेत्र में भी स्थिति सामान्य है और निगरानी जारी रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.