मुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 किलो से अधिक गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलो 660 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई की जानकारी एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
एसएसपी ने बताया कि यह गिरफ्तारी 25 अप्रैल की रात बुढाना थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम मंदवाड़ा मार्ग पर वीर एन्क्लेव कॉलोनी के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक आल्टो कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोक लिया और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 24 किलो 660 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम रुड़कली निवासी अब्दुल समद पुत्र मोहम्मद इस्लाम झोझा के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महाराष्ट्र और ओडिशा में कपड़ों की फेरी के बहाने जाता था और वहीं से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर मुज़फ़्फ़रनगर व आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचता था। अब पुलिस उसके पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
इस कार्रवाई में इस्तेमाल की गई आल्टो कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। ऑपरेशन में थाना प्रभारी सुभाष अत्री, उपनिरीक्षक ललित कसाना, उपनिरीक्षक मोहित कुमार तेवतिया सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.