दहेज में स्कॉर्पियो की मांग, पलवल में विवाहिता और डेढ़ माह के मासूम की हत्या का आरोप; 11 पर FIR

HIGHLIGHTS
- मृतका की शादी वर्ष 2023 में सोहिल के साथ हुई थी।
- मायके पक्ष ने स्कॉर्पियो की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप लगाया।
- 15 अगस्त को शगुफ्ता को मारपीट के बाद मायके छोड़ने का दावा किया गया।
पलवल। सदर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव में बुधवार देर रात एक विवाहिता और उसके करीब डेढ़ माह के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
मृतका के मायके पक्ष ने मुख्य आरोपित पति समेत ससुराल पक्ष के 11 लोगों पर दहेज में स्कॉर्पियो नहीं मिलने को लेकर प्रताड़ित करने और मां-बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपित पति सोहिल का जिला नागरिक अस्पताल में पुलिस की निगरानी में उपचार चल रहा है।
कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप
नूंह जिले के सलम्बा निवासी रोनक अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उनकी बेटी शगुफ्ता की शादी रजपुरा गांव निवासी सोहिल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दान-दहेज से संतुष्ट नहीं थे और स्कॉर्पियो कार की मांग को लेकर शगुफ्ता को लगातार प्रताड़ित करते थे। करीब डेढ़ माह पहले शगुफ्ता ने बेटे को जन्म दिया था।
मांग पूरी नहीं होने पर मायके छोड़ा
आरोप है कि छूछक के दौरान भी ससुराल पक्ष ने स्कॉर्पियो कार की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर 15 अगस्त को शगुफ्ता के साथ मारपीट की गई और उसे मायके छोड़ दिया गया। इसके बाद रिश्तेदारों और पंचायत के हस्तक्षेप से 17 अगस्त को 50 हजार रुपये नकद और एक एसी देने के बाद शगुफ्ता को वापस ससुराल भेजा गया।
मां-बेटे के शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा
परिजनों के अनुसार, 18 अगस्त को शगुफ्ता ने फोन करके बताया था कि उसका पति सोहिल, ससुर यकीम, सास अफसाना समेत अरबाज, जिया, रफीक, वसीम, गांव के सरपंच साहिब, जमशेद, अकरम और राशिद उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
इसके बाद 20 अगस्त की सुबह मायके पक्ष को सूचना मिली कि शगुफ्ता और उसके डेढ़ माह के बेटे जुहान की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग रजपुरा पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि मां और मासूम के शरीर तथा गर्दन पर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
छत से कूदकर घायल हुआ पति
पुलिस के अनुसार, मामले में शगुफ्ता का पति सोहिल मुख्य आरोपित है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद सोहिल दूसरी मंजिल की छत से कूद गया, जिससे उसके पैरों में चोट आई। फिलहाल उसका जिला नागरिक अस्पताल में पुलिस की निगरानी में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, सोहिल नशे का भी आदी है।
थाना प्रभारी हरीकिशन ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपित का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.