जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन को लेकर तैयारियां पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जेवर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12 बजे जेवर पहुंचेंगे और उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा पहुंच सकते हैं। हालांकि उनके कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के ठहरने की व्यवस्था गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में की है।
तैयारियों का लेंगे जायजा
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री एयरपोर्ट परियोजना और जनसभा स्थल की तैयारियों का निरीक्षण कर सकते हैं। साथ ही अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे।
उद्घाटन के बाद शुरू होगी टिकट बुकिंग
एयरपोर्ट से पहली उड़ान कब और किस शहर के लिए शुरू होगी, इसका निर्णय उद्घाटन के बाद लिया जाएगा। उड़ानों की तिथि तय होने के बाद 15 से 20 दिन पहले टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि अप्रैल के मध्य तक कमर्शियल फ्लाइटों की बुकिंग शुरू हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी प्रयास
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी विमानन कंपनियों से संपर्क में है। यात्रियों को एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और विस्तारा जैसी एयरलाइंस के माध्यम से घरेलू और विदेशी यात्रा की सुविधा मिलेगी।
पहले चरण में 12 शहरों के लिए उड़ानें
एयरपोर्ट से शुरुआत में देश के 12 प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने की योजना है। इनमें मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ और कानपुर जैसे शहर शामिल हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने के बाद भविष्य में यहां से 47 शहरों तक उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना है।
कई एयरलाइंस ने दिखाई रुचि
डोमेस्टिक फ्लाइट संचालन के लिए इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया ने एयरपोर्ट प्रबंधन से संपर्क किया है। इंडिगो की योजना यहां से कई शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की है, जबकि एयर इंडिया भी सात शहरों के लिए फ्लाइट संचालन पर विचार कर रही है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट के आसपास करीब 7000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एसपीजी और अन्य केंद्रीय एजेंसियां जनसभा स्थल और एयरपोर्ट परिसर की निगरानी कर रही हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के शामिल होने की संभावना है। इसके मद्देनजर सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
300 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
जनसभा स्थल और एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के लिए 300 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।
ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात
एयरपोर्ट के आसपास की ऊंची इमारतों और मकानों पर भी हथियारबंद सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर स्नाइपर भी तैनात रहेंगे, जो हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखेंगे।
अन्य जिलों से भी बुलाई गई फोर्स
कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस के साथ-साथ अन्य जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है। इसमें 10 आईपीएस अधिकारी, 10 कंपनियां पीएसी और दो कंपनियां आरएएफ की तैनाती की गई है।
सीमाओं पर भी कड़ी निगरानी
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। हरियाणा बॉर्डर समेत अलीगढ़, बुलंदशहर और आसपास के जिलों की सीमाओं पर पुलिस की तैनाती की गई है। हर आधा किलोमीटर पर पुलिस पिकेट और गश्ती वाहन लगाए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.