हाथरस में रोडवेज बस और पेट्रोलियम टैंकर की भिड़ंत, 15 यात्री घायल

हाथरस। मथुरा-बरेली हाईवे पर मथुरा बॉर्डर के पास मंगलवार दोपहर एक रोडवेज बस और पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए, जिनमें से नौ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया।
हाथरस डिपो की रोडवेज बस मथुरा से बदायूं जा रही थी। बस में करीब 55 यात्री सवार थे। राया कोतवाली क्षेत्र में कोयल कट के पास, माइलस्टोन संख्या 26 के नजदीक दोपहर करीब डेढ़ बजे यह हादसा हुआ। बताया गया कि इसी कट पर इगलास और मुरसान की सवारियां ली जाती हैं। यात्रियों को बैठाने के लिए चालक ने बस को मुख्य लेन से बाईं ओर मोड़ा। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहा टैंकर फ्लाइओवर से उतरते समय बस से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का मध्य हिस्सा दब गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। टैंकर में पेट्रोलियम पदार्थ भरा होने के कारण एहतियात के तौर पर सभी को बस से दूर रखा गया।
सूचना मिलने पर राया सहित मुरसान और इगलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पास स्थित जवार टोल से एंबुलेंस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
इन यात्रियों को आई चोटें
हादसे में परिचालक नवीन उपाध्याय निवासी राया, मीनाक्षी (40) निवासी मैनपुरी, सोनवती देवी (50) निवासी अलीगढ़, मोहम्मद हसीन (50) और उनके पुत्र नदीम (15) निवासी बदायूं, मोहम्मद असद निवासी ककरारा, बदायूं, राजू (45), रामपाल (40) और हरप्यारी (48) निवासी बसई, भरतपुर घायल हुए। बस चालक देवेश सहित कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक सहायता दी गई।
रोडवेज अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाथरस डिपो के प्रभारी एआरएम मंगेश कुमार सहित रोडवेज के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। यात्रियों को सड़क किनारे सुरक्षित बैठाया गया और हाथरस डिपो की ही एक अन्य बस मंगवाकर शेष यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.