यूपी में आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी बढ़ी, अब मिलेंगे 17,646 से 39 हजार रुपये

HIGHLIGHTS
- प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने सोमवार को नई दरों का शासनादेश जारी किया।
- कर्मचारियों के पारिश्रमिक से ईपीएफ और ईएसआई की कटौती होगी।
- ईपीएफ में नियोक्ता का 12 प्रतिशत और ईएसआई का 3.25 प्रतिशत अंशदान विभाग देंगे।
यूपी। प्रदेश के सरकारी विभागों में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों के मासिक पारिश्रमिक की नई दरें निर्धारित कर दी गई हैं। नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को उनकी श्रेणी के हिसाब से 17,646 रुपये से लेकर 39,000 रुपये तक पारिश्रमिक मिलेगा। ईपीएफ और ईएसआई की कटौती के बाद श्रेणी-4 के कर्मचारियों के खाते में 15,396 रुपये, श्रेणी-3 के कर्मचारियों को 16,966 रुपये और श्रेणी-2 के कर्मचारियों को 19,148 रुपये मिलेंगे। वहीं, श्रेणी-1 के कर्मचारियों का पारिश्रमिक 39,000 रुपये तय किया गया है।
इस संबंध में प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने सोमवार को शासनादेश जारी किया। नई दरें 2 सितंबर 2026 से प्रभावी होंगी। शासन ने 19 सितंबर 2025 को जारी शासनादेश के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों के पारिश्रमिक का श्रेणीवार निर्धारण किया है।
नई व्यवस्था के अनुसार, कर्मचारियों के पारिश्रमिक से ईपीएफ के लिए 12 प्रतिशत और ईएसआई के लिए 0.75 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। इसके अलावा नियोक्ता की ओर से ईपीएफ का 12 प्रतिशत और ईएसआई का 3.25 प्रतिशत अंशदान संबंधित सरकारी विभागों को देना होगा। यह राशि भी भविष्य में कर्मचारियों के खातों में जमा होगी।
शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जीएसटी, सर्विस चार्ज और उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का एक प्रतिशत सेंटेज चार्ज सरकारी विभागों को ही वहन करना होगा। इसके लिए विभागों को अपने बजट में आवश्यक प्रावधान करना होगा।
जिन विभागों ने जेम पोर्टल के माध्यम से निर्धारित नई दरों से कम पारिश्रमिक पर कर्मचारियों को रखा है, उन्हें अतिरिक्त खर्च के लिए पुनर्विनियोग के जरिए बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नई पारिश्रमिक दरें
| श्रेणी | निर्धारित मासिक पारिश्रमिक |
|---|---|
| श्रेणी-1 | 39,000 रुपये |
| श्रेणी-2 | 21,947 रुपये |
| श्रेणी-3 | 19,446 रुपये |
| श्रेणी-4 | 17,646 रुपये |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.