यूपी में कड़ाके की ठंड, 19 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सोमवार से चल रही पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने के साथ ही ठिठुरन और गलन और तेज हो गई है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मंगलवार सुबह अयोध्या, प्रयागराज, बरेली, आगरा, गोरखपुर और अलीगढ़ समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कुछ स्थानों पर दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि कई इलाकों में यह 50 मीटर से भी कम रही। कोहरे के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदेश में इटावा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अयोध्या, लखीमपुर खीरी और बुलंदशहर में भी रात का तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम होते ही गलन भरी ठंड ने फिर से लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। खुले में काम करने वाले मजदूरों, किसानों और रोजमर्रा के सफर पर निकलने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक पछुआ हवाएं और तेज हो सकती हैं, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, हवाओं की रफ्तार बढ़ने से कोहरे की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना भी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.