यूपी में अगली सरकार रालोद के सहयोग से ही बनेगी: त्रिलोक त्यागी

मेरठ में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने साफ किया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आधार बनाकर लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगली सरकार रालोद के सहयोग से ही बनेगी।
बुधवार को बॉम्बे बाजार स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए त्यागी ने कहा कि देश की बड़ी आबादी गांवों में रहती है और ग्रामीण विकास ही देश की तरक्की की कुंजी है। उन्होंने चौधरी चरण सिंह के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि गांवों को सड़कों के जरिए शहरों से जोड़ना विकास का सबसे अहम माध्यम है।
त्यागी ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को सुझाव देते हुए कहा कि कोऑपरेटिव बाजार की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, जिससे व्यापारियों को मजबूती मिले और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें। आधुनिक तकनीक पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन में पूरी तरह ऑटोमेशन की बजाय रोजगार को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं बनाई जानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि देश में सामाजिक न्याय की व्यवस्था आंबेडकर और महात्मा गांधी जैसे महान नेताओं के योगदान का परिणाम है, जिनकी वजह से आरक्षण जैसी व्यवस्था संभव हो सकी।
मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट के मुद्दे पर बोलते हुए त्यागी ने कहा कि व्यापारियों को न्याय दिलाने के लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बातचीत करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रालोद व्यापार प्रकोष्ठ व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगा और समाधान के लिए प्रयास करेगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने अभि सिंघल को जिलाध्यक्ष, संजीव गुप्ता को महानगर अध्यक्ष और दीपक अग्रवाल को प्रदेश सचिव नियुक्त करने की घोषणा की। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें संगठन विस्तार के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.