होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण! ट्रंप बोले- ईरान कुछ नहीं कर सकता
By Hitesh — August 12, 2026

HIGHLIGHTS
- ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका के पूरे नियंत्रण का दावा किया
- अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को ‘स्टील की दीवार’ बताते हुए ईरान पर निशाना साधा
- होर्मुज को लेकर अमेरिका-ईरान के बीच गतिरोध अब भी बना हुआ है
Author: — Dainik Dehat
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण है और उन्हें लगता है कि अमेरिका इसे अपने नियंत्रण में बनाए रखेगा। ट्रंप ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को ‘स्टील की दीवार’ बताते हुए कहा कि ईरान इसके खिलाफ कुछ नहीं कर सकता। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बना हुआ है। ट्रंप ने ईरान की सैन्य क्षमता और मौजूदा हालात पर भी टिप्पणी की।
ट्रंप ने क्या-क्या कहा?
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को हर कोई ‘A WALL OF STEEL’ यानी ‘स्टील की दीवार’ कह रहा है। उनके मुताबिक, ईरान के पास इसका सामना करने की क्षमता नहीं है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के पास न तो नौसेना है और न ही वायुसेना। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के बाकी बचे सैनिकों को वेतन नहीं मिल रहा है।
ट्रंप के अनुसार, ईरान का आईआरजीसी बुरी तरह कमजोर हो चुका है और उसके सदस्य भाग रहे हैं।
ईरान सिर्फ बयानबाजी कर रहा है: ट्रंप
ट्रंप ने ईरान पर केवल बयान देने और कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान के पास सिर्फ ‘फर्जी खबरें और 300 फीसदी महंगाई दर’ है और उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट के अंत में ट्रंप ने ‘अल्लाह की इबादत हो’ भी लिखा।
ईरान युद्ध में अब तक क्या-क्या हुआ?
28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इस्राइल ने ईरान पर बड़े हवाई हमले शुरू किए। इसके बाद ईरान ने इस्राइल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। संघर्ष के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य भी प्रमुख मोर्चा बन गया और ईरान ने वहां जहाजों की आवाजाही रोक दी। अप्रैल में अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह का युद्धविराम हुआ, लेकिन इस दौरान हुई बातचीत किसी समझौते तक नहीं पहुंच सकी और इसके बाद लड़ाई फिर तेज हो गई।
इसके बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी शुरू की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए सैन्य दबाव बढ़ाया। जून में एक बार फिर अंतरिम समझौता हुआ, लेकिन यह भी ज्यादा समय तक नहीं चल सका। जुलाई में ट्रंप ने इसे खत्म करने का एलान कर दिया।
अब अगस्त में अमेरिका और ईरान के बीच फिर बातचीत चल रही है, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दोनों पक्षों के बीच गतिरोध बना हुआ है। ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका अपनी नाकेबंदी नहीं हटाता, प्रतिबंधों में राहत नहीं देता और युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई नहीं करता, तब तक वह जलडमरूमध्य को नहीं खोलेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.