UP: पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के भाई के घर फिर पहुंची विजिलेंस टीम, जांच जारी

HIGHLIGHTS
- कार्रवाई के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक है
- 20 अगस्त को भी इसी मकान पर छापेमारी हुई थी
- पिछली कार्रवाई में मकान को सील किया गया था
गोंडा शहर के जानकीनगर स्थित बहराइच के पयागपुर से पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के भाई अजय श्रीवास्तव के मकान पर सोमवार सुबह एक बार फिर अयोध्या विजिलेंस की टीम ने छापेमारी शुरू की। तीन वाहनों से पहुंची आठ सदस्यीय टीम सुबह करीब आठ बजे से मकान के अंदर मौजूद है। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को मकान के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
विजिलेंस की यह कार्रवाई पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव और उनके भाई अजय श्रीवास्तव के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामलों और एनआरएचएम घोटाले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। हालांकि, छापेमारी कर रही टीम के किसी भी सदस्य ने मीडिया को कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। टीम के सदस्य गोपनीयता का हवाला देकर बातचीत से बचते रहे।
20 अगस्त को भी हुई थी छापेमारी, मकान किया गया था सील
इससे पहले 20 अगस्त को भी अयोध्या विजिलेंस की टीम ने इसी मकान पर छापेमारी की थी। उस दौरान मकान को सील कर दिया गया था। साथ ही एक नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें एक सप्ताह के भीतर दोबारा कार्रवाई किए जाने की बात कही गई थी। इसी नोटिस के बाद सोमवार को विजिलेंस टीम फिर मकान पर पहुंची और जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि पिछली कार्रवाई के दौरान टीम को करोड़ों रुपये की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले थे। अब इन्हीं दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच के लिए टीम दोबारा मकान के अंदर पहुंची है।
पूर्व विधायक जून में एनआरएचएम मामले में भेजे गए थे जेल
एनआरएचएम घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को बीते जून महीने में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं, उनके भाई अजय श्रीवास्तव, जो बाराबंकी स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात बताए जाते हैं, के खिलाफ भी आय से अधिक संपत्ति को लेकर विजिलेंस में मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.