यूपी: वन विभाग में 708 पदों पर भर्ती, आवेदन 30 जून से होगा शुरू

प्रदेश में वन विभाग के तहत वन रक्षक और वन्यजीव रक्षक के कुल 708 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून से शुरू होकर 20 जुलाई तक चलेगी, जबकि आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की अंतिम तिथि 27 जुलाई तय की गई है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने गुरुवार को भर्ती से जुड़ा पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है।
केवल PET पास अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन
आयोग के अनुसार इस भर्ती में वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 पास की है। चयन प्रक्रिया में पहले शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित होगी। अभ्यर्थी अपने PET रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है। मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों को अलग से शुल्क देना होगा।
दस्तावेज और पात्रता नियम
आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया कि आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा, क्योंकि जरूरत पड़ने पर इसे प्रस्तुत करना होगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। महिला अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र पिता पक्ष से जारी होना अनिवार्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता के तहत अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। आयु सीमा 1 जुलाई के आधार पर 18 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है।
शारीरिक परीक्षा भी अनिवार्य
इस भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा भी शामिल होगी। पुरुष अभ्यर्थियों को 10 किलोग्राम वजन लेकर 25 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे में पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे में पूरी करनी होगी।
इसके अलावा लिखित परीक्षा में 100 प्रश्न होंगे, जो 100 अंकों के होंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे तय की गई है और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी।
आयोग ने बताया कि विस्तृत सिलेबस अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.