दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, बारिश से मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके बाद कई इलाकों में देर रात तक बारिश देखने को मिली। बारिश के चलते लंबे समय से पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 मई को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। इस दौरान सुबह के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
विभाग ने आगे बताया कि 14 मई को भी मौसम में आंशिक बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके बाद 15 से 18 मई तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, जहां तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान इस दौरान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी के साथ-साथ तेज हवाओं का असर भी बना रह सकता है। हालांकि 15 मई के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने की संभावना है, जिसका प्रभाव मुख्य रूप से पहाड़ी क्षेत्रों तक सीमित रह सकता है।
मंगलवार को दिनभर राजधानी में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 68 प्रतिशत और न्यूनतम 41 प्रतिशत रहा। दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम को मौसम में आए बदलाव से लोगों को राहत महसूस हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.