गौचर हवाई पट्टी से जल्द 18-सीटर विमान सेवा होगी शुरू, सीएम धामी ने की घोषणा

गौचर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 73वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और स्थानीय जनता की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
सीएम ने गौचर हवाई पट्टी से पिथौरागढ़ की तर्ज पर 18-सीटर हवाई सेवा शुरू करने, क्षेत्र के चार प्रमुख स्थलों पर आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित करने, साकेत नगर-रघुनाथ मंदिर-चटवापीपल मार्ग का निर्माण और गौचर में स्टेडियम निर्माण जल्द शुरू करने की बात कही।
धामी ने कहा कि छोटे विमान सेवा की योजना केंद्रीय उड्डयन मंत्री को भी प्रस्तुत की जा चुकी है। उनका कहना था कि रेल और हवाई नेटवर्क से जुड़ने के बाद गौचर में पर्यटन और तीर्थाटन की गतिविधियों में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
सीएम ने मेले की स्थापना, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने हाउस ऑफ हिमालय और मिशन स्टेट मिलट्स के तहत स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने की पहल का उल्लेख किया। इसके अलावा, सरकार की केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे परियोजनाओं का कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है।
राज्य में फिल्म शूटिंग, वेडिंग डेस्टिनेशन, पर्यटन, आयुष और सोलर परियोजनाओं पर सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि गौचर, चिन्यालीसौड़ और नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ानों के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने मदरसा बोर्ड को समाप्त किए जाने की बात भी कही।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हवाई पट्टी पर सीएम का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को विधायक अनिल नौटियाल, रुद्रप्रयाग से भरत चौधरी और नपा अध्यक्ष संदीप नेगी ने संबोधित किया। जीजीआईसी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, जिपं अध्यक्ष दौलत सिंह, जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, नपा कर्णप्रयाग अध्यक्ष गणेश शाह और राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.