विदिशा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

HIGHLIGHTS
- प्रभु लाल गुप्ता मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे।
- स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुटका थूकते समय उनका संपर्क बिजली के तारों से हो गया।
- हादसे में उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया और उनकी मौत हो गई।
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना नगर के वार्ड नंबर 6 स्थित गायत्री नगर की है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
रहवासियों का आरोप है कि घरों के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटवाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।
जानकारी के मुताबिक, गायत्री नगर निवासी प्रभु लाल गुप्ता शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपने मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे। इसी दौरान वह मकान के पास से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुटका थूकते समय उनका संपर्क बिजली के तारों से हो गया, जिससे उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम वहां पहुंची।
बताया गया है कि प्रभु लाल गुप्ता मूल रूप से छतरपुर के रहने वाले थे। वह पिछले करीब दस वर्षों से गंजबासौदा में किराए के मकान में रह रहे थे और मिस्त्री का काम करके अपना गुजारा करते थे। उनकी मौत से क्षेत्र के लोगों में शोक है।
बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग
वार्ड पार्षद मनीष विश्वकर्मा ने इलाके की बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली की लाइनों और उपकरणों का नियमित रखरखाव नहीं किया जा रहा है।
उनके मुताबिक, कई जगहों पर घरों के बिल्कुल करीब से 11 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से बिजली लाइनों और उपकरणों की जांच कराने तथा जरूरी सुधार करने की मांग की।
मकान मालकिन ने भी की थी शिकायत
मकान मालकिन पदमा चिढ़ार ने बताया कि घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए उन्होंने कई बार बिजली कंपनी के अधिकारियों से आग्रह किया था। उनके अनुसार, अधिकारियों ने लाइन को जल्द हटाने का भरोसा भी दिया था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.