रायबरेली में महिला बीएलओ की नृशंस हत्या, आरोपी युवक की संदिग्ध हालात में मौत

रायबरेली। जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र के भिचकौरा गांव में महिला रोजगार सेवक की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। घर में अकेली महिला का गड़ासे से गला रेतकर हत्या कर दी गई। दोपहर बाद उसका शव खून से सना मिला। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और शव उठाने से रोक दिया।
मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई है, जो गांव में रोजगार सेवक के पद पर तैनात थीं और वर्तमान में बीएलओ का कार्य भी देख रही थीं। बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे वह काम से लौटकर घर में अकेली थीं। इसी दौरान शोर सुनकर पास-पड़ोस के लोग पहुंचे तो गांव का ही राम सुमेर पीछे के रास्ते से भागता दिखाई दिया। घर के भीतर गैस चूल्हे के पास सीमा का लहूलुहान शव पड़ा था और पास में गड़ासा भी मिला। गले पर गहरे जख्म के निशान थे।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सीओ अमित सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एएसपी संजीव कुमार सिन्हा और एसडीएम मिथिलेश त्रिपाठी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के जेठ रमेश ने पुलिस को तहरीर देकर राम सुमेर पर हत्या का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के दबाव के बीच पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे बाद राम सुमेर गांव के ही एक खेत में अचेत अवस्था में मिला। उसे तत्काल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने उसके द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई है।
आरोपी की मौत की पुष्टि के बाद ग्रामीण शांत हुए और लगभग चार घंटे बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर प्रेम प्रसंग की चर्चा भी गांव में होती रही।
राम सुमेर पेशे से राजगीर था। उसका घर गांव के बैसन टोला में है, जबकि वह अपने परिवार के साथ ससुराल अंबरपुर में रहता था और अक्सर गांव आता-जाता था। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले भी उसे गांव में देखा गया था और मृतका के घर उसका आना-जाना था।
मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
सीमा के पति राजेंद्र कुमार रोजगार के सिलसिले में पुणे में रहते हैं। उनके तीन बच्चे हैं—बड़ा बेटा कक्षा छह में, छोटा बेटा पीजी में और बेटी केजी में पढ़ती है। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की मौत के कारणों की भी जांच कराई जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.