योगी पर अभद्र टिप्पणी करने वाला अली अकबर बोला– 'जज्बात में आकर गलती की, मुझे माफ कर दीजिए'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी करने वाले अली अकबर ने अब सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो डालने के बाद मामला दर्ज होने पर अली अकबर ने सोमवार को एक नया वीडियो जारी किया, जिसमें उसने कहा कि उसने भावनाओं में आकर गलती की और मुख्यमंत्री से क्षमा की प्रार्थना की।
44 सेकंड के इस वीडियो में अली अकबर ने अपने बयान पर खेद जताया है। जानकारी के मुताबिक, अली अकबर गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो, काशीपुर टोला का रहने वाला है और सऊदी अरब में मजदूरी करता है। शुक्रवार देर रात उसने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र भाषा और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो पोस्ट किया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद गुलरिहा पुलिस ने जांच शुरू की और हिंदूवादी संगठन के पूर्व पदाधिकारी घनश्याम चौहान की तहरीर पर अली अकबर के खिलाफ केस दर्ज किया। रविवार शाम पूछताछ के लिए पुलिस ने अली अकबर के दो भाइयों — अब्दुल मजीद और सलामत खान — को थाने बुलाया, जहां दोनों ने पुलिसकर्मियों से बहस कर ली। इसके बाद दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया।
इस बीच, आरोपी के पिता 75 वर्षीय सरताज खान ने कहा कि बेटे की हरकत से पूरा परिवार शर्मिंदा है। थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि अली अकबर के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि भारत लौटते ही उसे गिरफ्तार किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.