बुलंदशहर में दो मंजिला कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबकर चाचा-भतीजे की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा गुरुवार देर रात करीब एक बजे आजाद रोड मोहल्ले में हुआ।
- मलबे में 70 वर्षीय चंद्रकला, उनका बेटा और पोता दब गए थे।
- रेस्क्यू टीम ने तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बुलंदशहर। छतारी कस्बे के आजाद रोड मोहल्ले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। करीब एक बजे दो मंजिला कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान के मलबे में 70 वर्षीय चंद्रकला, उनका 30 वर्षीय बेटा राजेश और 20 वर्षीय पोता सचिन दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
एडीएम वित्त अभिषेक सिंह के मुताबिक, देर रात करीब दो बजे रेस्क्यू टीम ने मलबे से बुजुर्ग चंद्रकला को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल दानपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण वहां से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इसके बाद रात करीब तीन बजे राजेश और सचिन को मलबे से एक साथ बाहर निकाला गया। दोनों को पहले दानपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान राजेश और सचिन ने दम तोड़ दिया। हादसे में दो लोगों की मौत के बाद परिवार में शोक छा गया।
चाचा के पास सोने गया था सचिन
चंद्रकला के बड़े बेटे और सचिन के पिता ज्ञानचंद ने बताया कि वह और उनके तीनों भाई गांव में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। चार भाइयों में राजेश सबसे छोटे थे और अपनी मां के साथ पैतृक मकान में रहते थे।
ज्ञानचंद के बेटे सचिन और उसके चाचा राजेश के बीच अच्छे संबंध थे। चाचा-भतीजे होने के साथ दोनों में गहरी दोस्ती भी थी। इसी वजह से गुरुवार रात सचिन अपने चाचा के पास सोने चला गया था। देर रात मकान गिरने से उनके भाई और बेटे दोनों मलबे में दब गए और बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी मां चंद्रकला की हालत भी गंभीर है और उनका अलीगढ़ में उपचार चल रहा है।
अलीगढ़ से बुलाया गया मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य में मदद के लिए अलीगढ़ से मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल (एमडीआरवी) बुलाया गया था। मौके पर एसडीएम शिकारपुर प्रतीक्षा पांडे, एसपी देहात, सीओ डिबाई और सीओ अनूपशहर समेत पांच थानों की पुलिस टीम बचाव अभियान में जुटी रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.