एमएलसी चुनाव में जीत के बाद अखिलेश का भाजपा पर वार, बोले- 50 जिलों में हारी पार्टी

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने एमएलसी चुनाव में भाजपा की हार पर उठाए सवाल।
- अमरोहा में 94 प्रतिशत मतदान को लेकर जताई आपत्ति।
- महिला शिक्षकों के भाजपा के खिलाफ मतदान करने का किया दावा।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में पांच सीटों पर जीत के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में धूमधाम मचाने वाले लोग धड़ाम से गिर गए। भाजपा केवल पांच सीटों पर ही नहीं, बल्कि 50 जिलों में हारी है। अखिलेश ने कहा कि एमएलसी चुनाव में सपा को जनता का समर्थन मिला है, जबकि लोगों के बीच यह संदेश गया है कि भाजपा ने छल-कपट के जरिए छह सीटों पर जीत हासिल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां साजिश होती है, वहां भाजपा होती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने बेईमानी करके छह सीटें जीती हैं। यदि चुनाव निष्पक्ष तरीके से हुए होते तो भाजपा की जीत का नतीजा ऐसा नहीं होता। उन्होंने विधान परिषद चुनाव में जीतने वाले सभी सदस्यों को बधाई दी। अखिलेश ने कहा कि इस जीत से साबित हुआ है कि व्यापारी और आधी आबादी सपा के साथ हैं। वाराणसी की सीटों पर हार को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा, 'काशी भले ही डूब जाए, लेकिन गोरखधंधा बंद न हो।' अखिलेश यादव सपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
वाराणसी में डबल इंजन की डबल हार
वाराणसी में भाजपा की हार पर अखिलेश यादव ने कहा कि यहां डबल इंजन की डबल हार हुई है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में महिला शिक्षकों ने भाजपा के खिलाफ मतदान किया। अखिलेश ने कहा कि अब कई अधिकारियों पर कार्रवाई होने वाली है। उन्होंने एमएलसी चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अमरोहा में 94 प्रतिशत मतदान पर भी सवाल उठाए।
गृहमंत्री अमित शाह के 2027 का विधानसभा चुनाव जीतने के बाद प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि वे यूसीसी लागू करने की स्थिति में ही नहीं बचेंगे। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव भाईचारे का चुनाव होगा और भाजपा को हमेशा के लिए सत्ता से हटाया जाएगा। जनता सांप्रदायिक राजनीति के पक्ष में नहीं है।
भाजपा के 10 साल के शासन का गिनाया हिसाब
इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा के पिछले 10 वर्षों के शासनकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीते दस साल में प्रदेश के 27 हजार स्कूल बंद कर दिए गए। भाजपा सरकार में आरक्षण छीना गया और प्रदेश में 30 से अधिक पेपर लीक हुए।
अखिलेश ने कहा कि एक ओर जहां स्कूल बंद किए गए, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में 27 हजार शराब के ठेके खुलवाए गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.