पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक चढ़ा बिजली के टावर पर, चार घंटे चला ड्रामा

हरदोई में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अपनी पत्नी के मायके चले जाने से नाराज होकर हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। नशे की हालत में युवक ने करीब चार घंटे तक पुलिस और परिजनों को परेशान किए रखा।
मल्लावां थाना क्षेत्र के सथरा मजरा बांसा निवासी कुलदीप यादव की पत्नी संजू यादव करीब एक माह पहले मायके लखनऊ चली गई थी। परिजनों के अनुसार, कुलदीप कई दिनों से पत्नी को घर लौटने के लिए फोन कर रहा था, लेकिन वह वापस आने को तैयार नहीं थी। इसी बात से आहत होकर वह शनिवार दोपहर अचानक हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ गया।
परिजन और ग्रामीण काफी देर तक उसे नीचे आने को समझाते रहे, मगर उसने धमकी दी कि पत्नी न आई तो वह टावर से कूद जाएगा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थानाध्यक्ष शिवाकांत पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।
आखिरकार पुलिस ने युवक की पत्नी से बात करवाई और उसने आने का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। लेकिन जैसे ही उसे पता चला कि पत्नी उसी दिन नहीं आएगी, वह दोबारा टावर पर चढ़ गया। शाम तक पुलिस और परिजन लगातार उसे मनाने में जुटे रहे। अंततः पत्नी के आने का भरोसा मिलने पर वह दूसरी बार नीचे उतरा।
कुलदीप के पिता सुबोध ने बताया कि बेटे की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक साल की बेटी भी है। परिजनों के अनुसार, युवक नशे का आदी है, जिसके चलते घर में विवाद रहते थे और इसी वजह से उसकी पत्नी मायके चली गई थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और बार-बार टावर पर चढ़कर हंगामा कर रहा था। फिलहाल उसे शांत कराया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.