गोरखनाथ मंदिर में CM योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की फरियाद, अधिकारियों को दिए निर्देश

HIGHLIGHTS
- जनता दर्शन में लोगों से सीधे मिले CM योगी।
- पति के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंची महिला को दिया भरोसा।
- जरूरतमंदों के उपचार में आर्थिक बाधा न आने देने के निर्देश।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित अपने पति के ऑपरेशन के लिए मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने उसे आश्वासन दिया कि इलाज में हर संभव सहायता की जाएगी।
सीएम योगी ने महिला से कहा कि उसे घबराने की जरूरत नहीं है। पति के उपचार में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया।
अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के बीच पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान एक बीमार महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर, निष्पक्षता और संतोषजनक तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी परेशानियों के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।
अपराधियों और भू-माफिया पर सख्ती के निर्देश
अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में अपने बच्चों के साथ पहुंची महिलाओं के बच्चों को मुख्यमंत्री ने स्नेह दिया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दी और आशीर्वाद दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.