माफिया अतीक के बेटे उमर के समर्थकों ने तोड़ा टोल बैरियर, कर्मियों को कुचलने की कोशिश; 28 के खिलाफ FIR

HIGHLIGHTS
- नवाबगंज टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप।
- टोल कर्मचारियों से गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप।
- कई वाहनों के नंबर अधूरे और कुछ पर नंबर प्लेट नहीं होने की बात सामने आई।
- पुलिस CCTV फुटेज के जरिए वाहनों और चालकों की पहचान कर रही है।
प्रयागराज। पैरोल पर प्रयागराज लाए गए माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के काफिले में शामिल 28 नामजद और अन्य अज्ञात वाहनों के चालकों के खिलाफ नवाबगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों ने नवाबगंज टोल प्लाजा पर टोल शुल्क का भुगतान किए बिना बैरियर तोड़कर निकलने की कोशिश की। वाहनों को रोकने का प्रयास करने पर टोल कर्मचारियों के साथ गालीगलौज और अभद्रता करने के साथ जान से मारने की धमकी देने तथा उन्हें वाहन से कुचलने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है। टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव ने इस मामले में नवाबगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
जयप्रकाश यादव के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3:45 बजे उमर अहमद को पुलिस स्कॉर्ट लखनऊ से प्रयागराज लेकर आ रही थी। पुलिस के वाहन टोल बूथ नंबर तीन से निकलने के बाद पीछे से करीब 28 वाहन एक साथ टोल प्लाजा पहुंचे। आरोप है कि इन वाहनों के चालकों ने टोल शुल्क दिए बिना तेज रफ्तार में बैरियर तोड़कर आगे बढ़ना शुरू कर दिया।
टोल कर्मचारियों ने जब वाहनों को रोकने की कोशिश की तो आरोप है कि उनके साथ गालीगलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए टोल प्लाजा से निकल गए। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि कर्मचारियों को जान से मारने की नीयत से उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास भी किया गया। कर्मचारियों ने किसी तरह किनारे हटकर अपनी जान बचाई।
कुछ वाहनों के नंबर अधूरे, कई पर नंबर प्लेट नहीं
एफआईआर के अनुसार, काफिले में शामिल कुछ वाहनों के नंबर अधूरे थे, जबकि कई वाहनों पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए इन वाहनों की पहचान करने में जुटी है। फुटेज की मदद से वाहनों के मॉडल, रंग और अन्य पहचान संबंधी जानकारी जुटाकर उनके बारे में पता लगाया जा रहा है।
नवाबगंज थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने बताया कि वाहनों के नंबर के आधार पर चालकों की पहचान की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.