सुहेल के घर एटीएस की छानबीन, कलमा लिखा कपड़ा व साहित्य बरामद

दिल्ली धमाके से पहले गुजरात में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध सुहेल के मामले में जांच तेज हो गई है। शनिवार को गुजरात एटीएस की छह सदस्यीय टीम लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे पहुंची, जहां उन्होंने संदिग्ध के घर में करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। टीम को घर से एक काला कपड़ा मिला, जिस पर उर्दू में कलमा लिखा था। इसके अलावा कुछ अन्य साहित्य और गरम कपड़े भी कब्जे में लिए गए हैं।
अधिकारियों ने सबसे पहले सिंगाही थाने में औपचारिकताएं पूरी कीं, जिसके बाद थाना प्रभारी अजीत कुमार के साथ मोहल्ला झाला वार्ड नंबर एक स्थित सुहेल के घर पहुंचे। दोपहर 2:48 बजे घर में प्रवेश करने वाली टीम करीब 4:20 बजे बाहर निकली। इस दौरान घर के हर कमरे और सामग्री की गहन जांच की गई। सुहेल के भाई वसीम ने बताया कि जांच टीम कुछ कपड़े और काला कपड़ा अपने साथ ले गई, जिस पर कलमा लिखा था। परिवार ने आगे की जानकारी साझा करने से मना कर दिया।
महिलाओं से अलग कमरे में पूछताछ, गतिविधियों की पड़ताल
सूत्रों के अनुसार एटीएस अधिकारियों ने घर की महिलाओं से अलग कमरे में बातचीत की और सुहेल की पढ़ाई, संपर्कों, दिनचर्या और पिछले महीनों में आए बदलावों से जुड़ी जानकारी जुटाई। घर में मिले कुछ दस्तावेजों और मोबाइल फोन की भी जांच की गई। तलाशी की खबर फैलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन पुलिस ने किसी को नजदीक नहीं आने दिया। स्थानीय पुलिस मौके पर तैनात रही और एटीएस की टीम को पूरा सहयोग दिया।
एसपी संकल्प शर्मा ने पुष्टि की कि गुजरात एटीएस ने सुहेल के परिजनों से पूछताछ की है। हालांकि टीम ने पूछताछ में क्या जानकारी मिली, यह साझा नहीं किया गया।
गुजरात में हुई थी गिरफ्तारी
सिंगाही निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री सलीम का बेटा सुहेल खां तीन साल पहले हाफिज की पढ़ाई के लिए मुजफ्फरनगर गया था। बताया जा रहा है कि वह लगभग 15 दिन पहले गुजरात गया था, जहां 8 नवंबर को गुजरात एटीएस ने उसे गिरफ्तार किया। सुहेल पर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.