स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस में बम की सूचना, रोकी गई ट्रेन, जांच जारी

अलीगढ़ स्टेशन पर रविवार रात को दिल्ली से बिहार जा रही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में बम होने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन रोककर संदिग्ध यात्री को उतारा और उसके सामान की तलाशी ली, लेकिन तलाशी के दौरान उसके पास कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बैग में केवल अमरूद, खाने-पीने का सामान और कपड़े पाए गए।
आरपीएफ सहायक आयुक्त गुलजार सिंह के अनुसार, 15 नवंबर की रात लगभग 11:05 बजे प्रयागराज डिवीजन कंट्रोल को सूचना मिली कि ट्रेन के जनरल कोच में एक यात्री के पास बम होने की संभावना है। सूचना में कहा गया कि यह व्यक्ति 12560 या 12562 के फ्रंट साइड कोच में बैठा है।
इसके बाद आरपीएफ, जीआरपी, क्राइम इन्वेस्टिगेशन टीम, डॉग स्क्वाड और सिविल पुलिस की संयुक्त टीम ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची और यात्री की जांच की। ट्रेन के इंजन से दूसरे जनरल कोच की सीट संख्या 247503/सी पर बैठे व्यक्ति को पहचान कर उसके सामान के साथ उतारा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम सुशील सैनी, उम्र 35 वर्ष, पुत्र राजकुमार सैनी, निवासी ग्राम बिचखाना, थाना अरेर, जिला मधुबनी, बिहार बताया। सुशील ने बताया कि वह फरीदाबाद में डबुआ फल मंडी में दुकान नंबर 62 पर काम करता है और अपने माता-पिता को गांव लाने के लिए यात्रा कर रहा था।
सुरक्षा बल उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं और फिलहाल उससे विस्तार से पूछताछ जारी है। घटना के दौरान स्टेशन पर भारी सुरक्षा तैनात रही और अफवाह फैलने से यात्रियों में हलचल मची।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.