घर बैठे चेक करें अपना SIR फॉर्म स्टेटस, चुनाव आयोग ने शुरू की सुविधा

देश के नौ राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए फॉर्म भरने और जमा करने को लेकर मतदाताओं में भ्रम की स्थिति है। कई इलाकों में ब्लॉक स्तर के अधिकारी (BLO) समय पर नहीं पहुँच पा रहे हैं, जिससे कई लोगों को यह नहीं पता कि उनका फॉर्म सही तरीके से जमा हुआ है या नहीं।
इसे ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग ने ऑनलाइन फॉर्म सब्मिशन और स्टेटस जांच की सुविधा शुरू की है। अब मतदाता घर बैठे अपने फॉर्म की स्थिति जांच सकते हैं और यदि कोई त्रुटि पाए, तो सुधार के लिए BLO को सूचित कर सकते हैं।
चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए वोटर्स सर्विस पोर्टल (voters.eci.gov.in) पर चार-स्टेप सिस्टम तैयार किया है। इसके तहत मतदाता अपना राज्य चुनकर, EPIC या मोबाइल नंबर दर्ज करके लॉगिन कर सकते हैं और अपने फॉर्म का स्टेटस देख सकते हैं। अगर BLO ने फॉर्म पहले ही अपलोड कर दिया है, तो स्क्रीन पर संदेश दिखाई देगा कि फॉर्म सफलतापूर्वक जमा हो चुका है।
जो मतदाता अपना फॉर्म खुद ऑनलाइन सब्मिट कर चुके हैं, उनके लिए भी यही प्रक्रिया लागू है। इससे मतदाताओं को बार-बार BLO के पास जाने या कॉल करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। चुनाव आयोग ने बताया कि यदि किसी मतदाता का फॉर्म अपलोड नहीं हुआ है, तो संबंधित BLO के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, लेकिन वोटर्स को पहले अपने फॉर्म की स्थिति अवश्य जांचनी चाहिए।
यदि स्क्रीन पर फॉर्म स्टेटस नहीं दिखता या जानकारी अधूरी है, तो मतदाता इंतजार करें क्योंकि BLO अलग-अलग चरणों में फॉर्म अपलोड कर रहे हैं। किसी गलती या डिटेल्स गायब होने पर अपने BLO से संपर्क करना जरूरी है।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि यह ऑनलाइन वेरिफिकेशन प्रक्रिया केवल एक-दो मिनट में पूरी हो सकती है। इससे मतदाता यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि उनका नाम सही तरीके से मतदाता सूची में दर्ज है और किसी त्रुटि के कारण उन्हें भविष्य में परेशानी न हो।
इस सुविधा से मतदाता सूची की पारदर्शिता बढ़ी है और फॉर्म अपलोड को मॉनिटर करना आसान हो गया है, जिससे गलतियां कम होंगी और प्रक्रिया तेज़ व सटीक होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.