बरेली में सीएम योगी ने दिवंगत भाजपा विधायक श्याम बिहारी को दी श्रद्धांजलि

बरेली। दिवंगत विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके निवास शक्ति नगर कॉलोनी पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और उनके योगदान की सराहना की।
जानकारी के मुताबिक, फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल शुक्रवार को सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के बाद भोजन के दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हुई और कुछ समय बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत का कारण हृदयाघात बताया।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शक्ति नगर स्थित विधायक के आवास पर उनके पार्थिव शरीर के सामने पुष्प अर्पित किए और उनके परिवार से बातचीत की। वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पत्नी, बेटियों और बेटे से जानकारी ली और शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री लगभग 15 मिनट तक वहां रुके और इसके बाद रवाना हो गए।
विधायक के अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग उनके निवास पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे शक्ति नगर से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई और फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे जनपद के पुलिस अधिकारी और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.