सीएम योगी का बड़ा ऐलान: अब यूपी के हर स्कूल में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में आयोजित ‘एकता पदयात्रा’ के दौरान प्रदेशभर के स्कूलों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश के हर शैक्षणिक संस्थान में ‘वंदे मातरम्’ का नियमित गायन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, मातृभूमि के प्रति आदर और राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त बनाना है।
सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ भारत की आत्मा का प्रतीक है और इसके प्रति सम्मान की भावना हर नागरिक में होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस गायन को सभी स्कूलों में अनिवार्य बनाकर एकता और राष्ट्रीय गर्व की भावना को और मजबूत करेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाज को बांटने वाली ताकतों पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “जाति, भाषा या क्षेत्र के नाम पर समाज को विभाजित करने वाले तत्व नए जिन्ना पैदा करने की कोशिश में हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत में दोबारा कोई नया जिन्ना न उभरे। ऐसे इरादों को जड़ जमाने से पहले ही समाप्त कर देना होगा।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 30 अक्टूबर को पूरे देश में ‘रन फॉर यूनिटी’ के तहत राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन हुआ। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके योगदान को याद रखना और उनके आदर्शों पर चलना हर भारतीय का कर्तव्य है।
सीएम ने बताया कि भाजपा और सरकार, दोनों स्तरों पर वल्लभभाई पटेल के जीवन, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत से जुड़ी कई पहलें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और जनजागरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लगातार अभियान चला रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.