काशी में सीएम योगी का दर्शन-पूजन, पीएम मोदी के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह अपने वाराणसी दौरे की शुरुआत काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन से की। इसके बाद उन्होंने बाबा कालभैरव के दरबार में भी मत्था टेका और प्रदेश में शांति एवं समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बनारस रेलवे स्टेशन और बरेका परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इससे एक दिन पहले बुधवार शाम मुख्यमंत्री योगी ने नमो घाट पर पहला दीया जलाकर देव दीपावली का शुभारंभ किया। उनके दीप प्रज्वलन के साथ ही काशी के घाट, कुंड और तालाब हजारों दीयों की रौशनी से जगमगाने लगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्रूज से मां गंगा की भव्यता का अवलोकन किया और गंगा आरती में शामिल हुए।
चेतसिंह घाट पहुंचकर उन्होंने 3डी लेजर शो का आनंद लिया, जिसमें काशी की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को दर्शाया गया था। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर श्रद्धालु उत्साह से झूम उठे और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। योगी आदित्यनाथ ने भी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.