कानपुर और इटावा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, ठंड ने दी दस्तक

उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं के असर से रात का मौसम अचानक ठंडा हो गया है। मंगलवार को कानपुर और इटावा जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे जा रहा है, वहां अगले तीन दिनों तक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
मंगलवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बन गया। वहीं, इटावा में न्यूनतम पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस ठंड के कारण दोनों जिलों में कई स्थानों पर रात में शीतलहर जैसी स्थिति देखी गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में हुई हालिया बर्फबारी और लगातार चल रही ठंडी पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे लुढ़क गया है। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों तक पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने का अनुमान है। सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जबकि दिन के समय मौसम साफ और धूप खिली रहने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.