पंचकूला मेयर पद के लिए कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज को बनाया उम्मीदवार

पंचकूला। हरियाणा में नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पंचकूला नगर निगम के मेयर पद के लिए वरिष्ठ नेता और हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सुधा भारद्वाज पार्टी की मजबूत, सक्रिय और समर्पित नेता हैं। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। महिला कांग्रेस की कमान संभालते हुए भी उन्होंने संगठनात्मक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाया और कई महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाया।
उन्होंने यह भी बताया कि सुधा भारद्वाज के पति संजीव भारद्वाज भी प्रदेश मीडिया प्रभारी के रूप में संगठन में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।
अंबाला और सोनीपत के उम्मीदवार भी घोषित
कांग्रेस ने इससे पहले अंबाला और सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी।
अंबाला नगर निगम (बीसी-बी महिला आरक्षित सीट) से कुलविंद्र कौर को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि सोनीपत नगर निगम (सामान्य वर्ग) से जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष कमल दीवान को टिकट दिया गया है।
10 मई को मतदान
हरियाणा के अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगमों में मेयर और वार्ड सदस्यों के चुनाव 10 मई 2026 को कराए जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग ने 13 अप्रैल 2026 को चुनाव कार्यक्रम जारी किया था।
नामांकन प्रक्रिया 21 से 25 अप्रैल तक चलेगी, नामांकन की जांच 27 अप्रैल को होगी और 28 अप्रैल को नाम वापसी की अंतिम तारीख तय की गई है। इसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।
मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। यदि आवश्यक हुआ तो पुनर्मतदान 12 मई को कराया जाएगा, जबकि मतगणना और परिणाम 13 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.